भारत ने ईरान के साथ उड़ान सेवा रद्द की

जापान, ईरान और दक्षिण कोेरिया में कोरोनावायरस का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में भारत ने जापान और द.कोरिया के नागरिकों के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा निलंबित कर दी है। साथ ही ईरान के लिए सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। सिविल एविएशन के डायरेक्टर जनरल ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। दोनों देशों के बीच अभी केवल महान एयर और ईरान एयर उड़ानों का संचालन करती है। दक्षिण कोरिया में चीन के बाद सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं। यहां 2337 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। साथ ही 13 लोगों की मौत हुई है। इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दुनिया भर में कोरोनावायरस के असर को देखते हुए इसे 'वेरी हाई रिस्क' श्रेणी में रखा है। डब्ल्यूएचओ ने शुक्रवार को कहा- हमने कोविड19 के आंकलन का स्तर बढ़ा दिया है। हमने इसे वैश्विक स्तर पर बहुत उच्च खतरे का वायरस माना है। हमारे महामारी विशेषज्ञ बदलते हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं। 


ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक 245 लोग संक्रमित हैं। उपराष्ट्रपति मसुओमेह इब्टेकर के भी गुरुवार को संक्रमित होने की खबर आई। देश में महामारी से अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है। चीन अब तक ईरान को 2.5 लाख मास्क भेज चुका है।